अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। स्कूल शिक्षा विभाग सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले आर्थिक रूप से कमजोर और बेसहारा बच्चों को जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग करवाता है। नीट का परिणाम एक सप्ताह पहले जारी हो चुका है। इसके बावजूद स्कूल शिक्षा विभाग को पता नहीं है कि कितने बच्चे निशुल्क कोचिंग लेकर परीक्षा में सफल हुए।
स्कूल शिक्षा निदेशालय जम्मू हर साल 11वीं और 12वीं कक्षा के बच्चों को जेईई और नीट प्रतियोगी परीक्षा की निशुल्क कोचिंग देता है। शहर सहित अन्य जिलों में निजी कोचिंग संस्थानों में बच्चों की तैयारी करवाई जाती है। 2022 में 50 से अधिक बच्चों को निशुल्क कोचिंग मुहैया करवाई, लेकिन उनका परिणाम क्या रहा उसकी जानकारी नहीं है।
शिक्षा विभाग हर सार्वजनिक मंच से निशुल्क कोचिंग देने की पहल के लिए अपनी पीठ थपथपाता है, लेकिन कितना संजीदा है वह ऐसी कार्यप्रणाली से पता चलता है। योजना की सफलता के लिए मूल्यांकन करना जरूरी होता है, पर शिक्षा विभाग शायद इस पर यकीन नहीं रखता। विभाग द्वारा जिन बच्चों को निशुल्क कोचिंग दी थी, जब उनसे बात करने की कोशिश की तो अधिकांश के मोबाइल नंबर बंद आए। कइयों ने फोन नहीं उठाया। इस बारे में स्कूल शिक्षा निदेशक जम्मू अशोक कुमार शर्मा ने कहा कि फिलहाल जानकारी नहीं है।