श्रीनगर। पुलिस के साइबर सेल ने कश्मीर के लोगों को वन रिंग फोन स्कैम के प्रति सतर्क किया है। लोगों से अपील की है कि वह अंतरराष्ट्रीय नंबरों से आने वाली मिस कॉल पर वापस कॉल न करें और न ही ऐसी कॉल का जवाब दें। यह एक ग्लोबल स्कैम है जो लोगों को अपना शिकार बना रहा है।
श्रीनगर के एसएसपी ऑपरेशंस ताहिर अशरफ जोकि कश्मीर साइबर सेल के हैड भी हैं ने कहा कि कश्मीर में वन रिंग फोन स्कैम के बाद से ही साइबर सेल सक्रिय हो गया है। इससे निपटने के उपायों पर काम करना शुरू कर दिया गया है। साथ ही लोगों को सतर्क रहने के लिए दिशानिर्देश भी जारी किया गए हैं।
एसएसपी ताहिर अशरफ ने कहा कि धोखाधड़ी करने वाले लंबी कॉल्स में लोगों को व्यस्त रख ज्यादा पैसा बनाने की कोशिश में रहते हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कॉल्स महंगी होती हैं इसलिए वह ज्यादा देर तक लोगों को बातों में व्यस्त रखते हैं। इतना ही नहीं कई तो लंबे समय तक कॉल्स पर लोगों को व्यस्त रख उनके बैंक अकाउंट से पैसे भी निकाल लेते हैं क्योंकि अक्सर मोबाइल नंबर अकाउंट के साथ लिंक होते हैं।