जम्मू। अपराध शाखा ने तीन साल बाद दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। आरोपियों ने जम्मू के तीन लोगों से ठगी की थी। इसका क्राइम ब्रांच में मामला दर्ज है। कोर्ट में केस पहुंचते ही आरोपी फरार हो गए थे। क्राइम ब्रांच के एसएसपी शैलेंद्र सिंह ने कहा कि मामला काफी पुराना है। क्राइम ब्रांच ने सूचना के आधार पर कार्रवाई की है। अब आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। आरोपियों पर नौकरी दिलाने और लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का केस दर्ज है। लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहे थे। इनके खिलाफ सीआरपीसी की धारा 512 के तहत आरोप पत्र पेश किया गया था।
न्यायालय ने गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया था। इनकी पहचान सतविंदर सिंह निवासी ऐलनाबाद जिला सिरसा (हरियाणा) जबकि राजीव निवासी फ्लैट नंबर-104 खैरानी, नवी मुंबई (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। क्राइम ब्रांच की दो विशेष टीमों ने हरियाणा और महाराष्ट्र में छापेमारी की।
वहीं, आरोपी सतविंदर सिंह ने बेरोजगार युवाओं को विदेश में नौकरी दिलाने के लिए धोखा दिया था, उस पर धारा 420, 465, 467, 468, 471, 120-बी के तहत मामला दर्ज हुआ था। इसी तरह आरोपी राजीव भरनाटी शिकायतकर्ता से लाखों की धोखाधड़ी के मामले में 420 आईपीसी के तहत नामजद था।