अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। नवाबाद पुलिस ने ठगी में गिरफ्तार दोनों फर्जी पुलिस अफसरों की आठ दिन और रिमांड ली है। इनके खिलाफ थाने में कई लोग शिकायतें लेकर पहुंच रहे हैं। आरोपियों ने उधमपुर के रहने वाले एक होटल कर्मी को भी ठगा। उससे सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 30 हजार रुपये लिए हैं। वहां भी यह लोग फर्जी आईपीएस अफसर और इंस्पेक्टर बनकर पहुंचे थे। होटल में रुके और कर्मी को विश्वास में लेकर पैसे हड़प लिए।
बता दें कुछ दिन पहले पुलिस ने चांद नगर के एक होटल से बारामुला (कश्मीर) के रहने वाले मोहम्मद शाहनवाज मीर उर्फ केसर जिलानी और आरिफ वानी को गिरफ्तार किया था। दोनों एनआईए के आईपीएस अफसर और इंस्पेक्टर बनकर रुके थे। नवाबाद थाने में उधमपुर होटल कर्मी के अलावा बठिंडी के रहने वाले व्यक्ति ने भी शिकायत की है। हालांकि अभी तक उसने पूरे मामले का ब्यौरा नहीं दिया। पुलिस को फोन पर ही बताया है कि केसर जिलानी ने ठगी की है। एसएचओ जतिंदर रैना का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कई लोग ठगी की शिकायतें लेकर आ रहे हैं, जिनकी जांच की जा रही है। फिलहला आरोपियों को 8 दिन के रिमांड पर ले लिया है।