शातिर महिला ने अपना उल्लू सीधा करने के लिए सबसे पहले सोशल नेटवर्किंग साइट के जरिए वायु सेना के जवान को प्रेम जाल में फंसाया। इसके बाद उसने सेना की खुफिया जानकारी प्राप्त कर ली। आरोपी जवान की ओर से महिला को सूचनाएं प्रेषित करने का सिलसिला लगातार चार साल से चल रहा था।
पुलिस ने आशंका जताई है कि संबंधित महिला पाक आईएसआई की एजेंट भी हो सकती है। उधर, मामले की तह तक जाने के लिए जांच में जुटी पुलिस ने सूचनाएं लीक करने के आरोपी वायु सेना के जवान को कोर्ट में पेश करने के बाद दस दिन की रिमांड पर ले लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
रविवार को पत्रकारों से बातचीत में एसएसपी राकेश कौशल ने बताया कि जासूसी के आरोप में स्थानीय एयर फोर्स स्टेशन में तैनात वायु सेना के सदस्यों द्वारा पकड़े गए जवान की पहचान सुनील कुमार (24) पुत्र रहमत राम निवासी गांव बुचैती, भोपालगढ़ (राजस्थान) के रूप में हुई है। युवक की सोशल नेटवर्किंग साइट पर किसी दूसरे देश में रहने वाली मीना रैना नामक महिला से बातचीत होती थी।
जब वह मीना रैना को किसी भी प्रकार की जानकारी देता, तो वह हर बार उसके अकाउंट में रुपये भेजती थी। इसी कारण वह महिला के जाल में फंसता गया। एसएसपी ने बताया कि आरोपी सुनील कुमार 31 दिसंबर 2008 को वायु सेना में नायक के पद पर भर्ती हुआ था।
सुनील की पहली पोस्टिंग बड़ोदरा में हुई थी। नौकरी करते हुए जुलाई 2010 में वह मीना रैना नामक महिला के संपर्क में आया। तब मीना रैना ने अपना पता बंगलूरू बताया था। एसएसपी ने बताया कि मीना रैना ने सुनील को बताया कि वह एक एजेंसी के लिए कार्य करती हैं। इसलिए उसे विभिन्न प्रकार की जानकारियों की जरूरत पड़ती है।
एसएसपी ने बताया कि एयरफोर्स की गोपनीय सूचनाएं लीक करने के मामले में गिरफ्तार जवान सुनील कुमार पिछले चार साल से सूचनाएं विदेश में बैठी अपनी महिला मित्र को मुहैया करा रहा था। एसएसपी राकेश कौशल ने बताया कि एयफोर्स के अधिकारियों की ओर से सोशल साइट्स के प्रयोग पर रोक लगाने के बाद सुनील को अपने फंसने का खतरा महसूस होने लगा था। इसलिए उसने सूचनाएं लीक करने से मना कर दिया था।
इसके बाद उसे लगातार फंसाने की धमकियां मिल रही थीं, लेकिन इससे पहले ही शक के आधार पर एयरफोर्स के अधिकारियों ने ही उस पर निगरानी रखनी शुरू कर दी थी।