ज्यौड़ियां। पूर्व विधायक राजीव शर्मा अखनूर में चल रही रामलीला में रावण का किरदार निभा रहे हैं। रामलीला में रावण के किरदार को देखने के लिए काफी दूर से लोग आ रहे हैं।रामलीला के मंच पर जब रावण का प्रवेश होता है तो दर्शकों की तालियों और उत्साह से पूरा मैदान गूंज उठता है।
विशेष बात यह है कि रावण का यह सशक्त अभिनय अखनूर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक राजीव शर्मा कर रहे हैं। राजीव शर्मा के अनुसार राजनीति में सक्रिय रहने के साथ-साथ वे वर्षों से धार्मिक व सांस्कृतिक मंच पर भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाते आ रहे हैं। राजीव शर्मा का रावण रूप इतना प्रभावशाली और जीवंत रहा कि दर्शकों को मानो असली लंका नरेश मंच पर दिखाई दे रहे हों। उनके संवादों की गूंज और भाव की तीव्रता हर किसी को मंत्रमुग्ध कर देती है। यही कारण है कि रामलीला को देखने के लिए लोग दूर-दराज़ क्षेत्रों से लोग आते हैं। संस्कृति और परंपरा के इस अद्भुत संगम ने अखनूर की रामलीला को चर्चा का विषय बना दिया है। यहां के मंच से यह संदेश भी स्पष्ट होता है कि राजनीति से परे रहकर भी एक जनप्रतिनिधि कला और संस्कृति की सेवा कर सकता है।