जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव एवं वरिष्ठ अधिवक्ता मोहम्मद अशरफ भट को पुलिस ने उनके आवास से गिरफ्तार किया है। अशरफ भट पर जन सुरक्षा अधिनियम (पीएसए) के तहत मामला दर्ज किया गया। अधिकारियों ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी है।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि भट को बुधवार देर रात श्रीनगर शहर के रावलपोरा इलाके में उनके आवास से गिरफ्तार किया गया और उन पर पीएसए के तहत मामला दर्ज किया गया। बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव को जम्मू संभाग के जिला कठुआ की जेल में स्थानांतरित कर दिया गया है।
भट गिरफ्तार होने वाले बार एसोसिएशन के तीसरे वरिष्ठ पदाधिकारी हैं। बार के पूर्व अध्यक्ष नजीर अहमद रोंगा को पिछले सप्ताह गिरफ्तार किया गया था और उन पर पीएसए के तहत मामला दर्ज किया गया था, वहीं वकीलों के निकाय के एक अन्य पूर्व अध्यक्ष मियां अब्दुल कयूम को 2020 में आतंकवादियों द्वारा अधिवक्ता बाबर कादरी की हत्या के सिलसिले में पिछले महीने गिरफ्तार किया गया था।