जम्मू की बाहु तहसील के पॉश इलाके छन्नी रामा और सुंजवां में रसूखदारों ने सरकारी जमीन पर मकान, दुकान और शोरूम तक खड़े कर लिए। मंडलायुक्त जम्मू की ओर से वीरवार को जारी की गई अतिक्रमणकारियों और रोशनी लाभार्थियों की सूची में पूर्व डीआईजी, दो सेवानिवृत्त वन अधिकारी और व्यापारियों समेत 2195 नाम शामिल हैं।
बाहु, भलवाल, जम्मू नॉर्थ और जम्मू वेस्ट इन लोगों के 19 हजार कनाल से ज्यादा भूमि पर कब्जे हैं। कश्मीर मंडलायुक्त ने आठ जिलों में 335 रोशनी लाभार्थियों की सूची जारी की। इसमें पीडीपी के पूर्व मंत्री काजी मोहम्मद अफजल के ठेकेदार बेटे टीपू सुल्तान ने 600 रुपये की फीस देकर 5 कनाल 17 मरला सरकारी भूमि के मालिकाना हक हासिल कर लिए। ज्यादातर मामलों में कृषि योग्य सरकार भूमि के मालिकाना हक के एवज में सरकार को 10-10 रुपये फीस जमा करवाई गई। यह दर सरकार ने ही तय की थी।
ताजा सूची में बाहु तहसील के पांच रसूखदारों में सेवानिवृत्त डीआईजी खालिद दुर्रानी भी शामिल हैं। दुर्रानी ने छन्नी रामा में तीन कनाल सरकारी भूमि पर कब्जा कर आवास बनाया है। वन विभाग में डीएफओ के पद से रिटायर हुए कमर अली ने छन्नी रामा में एक कनाल सरकारी भूमि को कब्जा कर आवास बना रखा है।
रिटायर्ड वन अधिकारी सुल्तान अली ने छन्नी रामा में नौ कनाल भूमि पर कब्जा कर आवास और दुकानें बनाई हैं। व्यापारी ओवेस अहमद ने छन्नी रामा में दो कनाल से ज्यादा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर शोरूम खड़ा कर लिया है। डुंगिया के नंबरदार जमात अली ने सुंजवां में आठ कनाल सरकारी भूमि पर कब्जा कर आवास बनाया है।