पठानकोट के गांव फूलपुर में पूर्व भाजपा नेता थुड़ू राम काटल के बेटे की किडनैपिंग और हत्या मामले में पुलिस ने पांच टीमों का गठन किया है। एसपी, डीएसपी और इंस्पेक्टर रैंक अधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीमों ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के नगरी समेत अन्य सीमावर्ती गांवों में दबिश दी।
सूत्रों के अनुसार मृतक विशाल काटल के मोबाइल की लास्ट लोकेशन और परिवार के बयानों के आधार पर कुछ लोग शक के दायरे में है। 17 जनवरी को विशाल किडनैप हुआ और शाम को किडनैपर ने फोन से फिरौती के 50 लाख मांगे। उसके बाद से विशाल का मोबाइल बंद है। विशाल की लाश के पास से मोबाइल नहीं मिला।
सूत्रों के अनुसार पुलिस विशाल के मोबाइल की 16 और 17 जनवरी की कॉल डिटेल की जांच कर रही है। पता लगाया जा रहा है कि इस दौरान किन लोगों ने विशाल को फोन किए और किन लोगों के फोन आए। किडनैपर डोगरी में बात कर रहा था, इसी आधार पर पंजाब-जम्मू-कश्मीर सीमा पर पड़ते गांवों में पुलिस टीमें भेजी गई हैं।
जिला पुलिस की पांच टीमें गठित की गई हैं। जिन्हें तलाश के लिए जम्मू-कश्मीर भेजा गया है। फिलहाल कोई ठोस सुबूत हाथ नहीं लगा है।
-पीएसविर्क, एसपी (डिटेक्टिव)