पाकिस्तानी क्षेत्र के जंगलों में शुक्रवार शाम लगी भीषण आग के भारतीय क्षेत्र के बालाकोट सेक्टर में फैलने से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
सूत्रों के मुताबिक इस आग की वजह से कई माइनों में ब्लास्ट भी हुए हैं। सेना और दमकल विभाग की तमाम कोशिशों के बाद भी अभी तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। हालांकि, सैन्य सूत्रों ने माइन ब्लास्ट से इनकार किया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक शुक्रवार देर शाम सीमा से सटे पाकिस्तान के जंगलों में आग लग गई। आग ने देर रात भारतीय क्षेत्र के बालाकोट सेक्टर के जंगलों को भी घेरे में ले लिया।
आग की खबर मिलते ही सेना और स्थानीय प्रशासन ने आग बुझाने का काम शुरू किया। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से बारिश न होने की वजह से जंगलों में झाड़ियां, चीड़ के पत्ते, लकड़ियां आदि सूख कर गिर जाते हैं जो जल्दी आग पकड़ते हैं।
इन्हीं सूखी झाड़ियों और पत्तियों की वजह से आग फैलती जा रही है और आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा है। सीमा पर सैन्य चौकियों और रिहायशी इलाकों तक आग न पहुंचे इसके लिए सेना और प्रशासन की टीमें आग बुझाने में लगी हुई हैं।