अंतर जिला भर्ती नियम पर प्रतिबंध लगाने के विरोध में अनुसूचित जाति जनजाति वर्ग के छात्रों ने रोष रैली निकाली। इसमें मांग करते हुए कहा कि सरकार इस प्रतिबंध हो हटाए अन्यथा छात्रों को इसके लिए एक बड़ा आंदोलन चलाने में कोई परहेज नहीं होगा। जिला उपायुक्त कार्यालय से शुरू हुई रैली डाक बंगले में आकर संपन्न हुई। यहां छात्रों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया।
छात्रों ने कहा कि राज्य में ऐसा कोई नियम नहीं होना चाहिए, जिसमें कोई भेदभाव हो। राज्य में रहने वाले एससी और एसटी समुदाय के लोगों को कहीं भी भर्ती होने का अधिकार होना चाहिए। सरकार ने यह प्रतिबंध लगाकर समुदाय के युवाओं से उनका हक छीना है। जिसको किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सरकार छात्र वर्ग को उग्र होने पर मजबूर कर रही है। अपने हक के लिए वह कुछ भी करने को तैयार है। यदि कुछ होता है, तो इसकी जिम्मेदार सरकार होगी। छात्रों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द ही इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया तो वह लोग चुप नहीं बैठेंगे। उग्र रूप से इसे लेकर एक आंदोलन चलाया जाएगा।