ज्यौड़ियां। नगर समिति ज्यौड़ियां की ओर से क्षेत्र में डेंगू के खतरे से निपटने के लिए स्प्रे और फॉगिंग अभियान की शुरुआत की।
यह अभियान 30 अप्रैल तक चलाया जाएगा। ज्यौड़ियां के सभी सात वार्डों में इस अभियान के तहत स्प्रे और फाॅगिंग की जाएगी। इसका उद्देश्य मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करना और डेंगू संक्रमण के खतरे को कम करना है। कार्यकारी अधिकारी के पर्यवेक्षण में समर्पित नगरपालिका टीमों को आवासीय कॉलोनियों, सार्वजनिक संस्थानों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों में फॉगिंग और एंटी-लार्वा स्प्रे गतिविधियों के लिए तैनात किया गया है। विशेष ध्यान उन स्थानों पर दिया जा रहा है, जहां पानी रुका हुआ है और जनसंख्या घनत्व अधिक है। नगर समिति की ओर से सभी लोगों से अपील की गई है कि वे फील्ड टीमों के साथ सहयोग करें। वे अपने आसपास की साफ-सफाई बनाए रखें और खुले बर्तनों या स्थानों में पानी इकट्ठा न होने दें। ये मच्छरों के लिए उपयुक्त प्रजनन स्थल बन जाते हैं।