दोमाना। फ्लायं मंडाल में रिंग रोड टोल प्लाजा से पहले हरिपुर मंडल में शनिवार रात हुई दो गुटों में फायरिंग के बाद सतवारी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। राजिंद्र सिंह उर्फ बब्बू, रघुवीर सिंह और शिवम चौधरी से पिस्टल बारमद हुई है। मुख्य आरोपी कुख्यात अपराधी हैप्पी चौधरी उर्फ गुगली समेत अन्य फरार हैं।
पुलिस के अनुसार गुगली और पारस शर्मा के बीच पांच साल से रंजिश है। पहले दोनों साथ रहते थे लेकिन किसी बात को लेकर हुई अनबन के बाद जानी दुश्मन बन गए। हैप्पी ने गुगली गैंग बनाई जबकि पारस दूसरी गैंग से जुड़ गया। इसके बाद दोनों एक-दूसरे पर हमले करने का मौका ढूंढते रहे। शनिवार को पारस भाई ऋषभ के साथ रिंग रोड इलाके में था। इसकी भनक गुगली गैंग को लगी तो उन्होंने हमला कर दिया। जीएमसी में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को अमृतसर रेफर कर दिया। सूत्रों के अनुसार गुगली को पीएसए के तहत गिरफ्तार किया था। एक महीने पहले ही जेल से बाहर आया है। घायल पारस शर्मा के खिलाफ भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
होली पर शुरू हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक पांच वर्ष पहले भूरे चक में होली के दौरान गुगली और पारस के बीच विवाद हुआ था। दोनों पक्षों के बीच कई बार झड़प और हमले हो चुके हैं। शनिवार रात हुई वारदात में दोनों गुट हथियारों से लैस थे। इस दौरान कई राउंड फायरिंग हुई। सतवारी पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच तेज की है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
इलाके में सक्रिय है गुगली गैंग
40 से 50 युवकों की गुगली गैंग जमीन कब्जाने और माइनिंग में सक्रिय है। गैंग के किसी भी सदस्य का विवाद होने पर पूरा गिरोह एकजुट होकर हमला करता है जिससे लोगों में डर का माहौल है। पांच दिन पहले प्रांबली गांव में दो युवकों पर धाधार हथियारों से हमला किया गया था लेकिन भय के कारण किसी ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करवाई थी।