जम्मू कश्मीर के मौसम में उतार चढ़ाव जारी है। जिला रामबन में राष्ट्रीय राजमार्ग के पास हुए ताजा भूस्खलन के चलते जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद हो गया है। शहर जम्मू में मौसम साफ बना हुआ है। गुलमर्ग सहित घाटी के कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी और कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई है।
लद्दाख के खारदुंगला और चांगला इलाके में हिमस्खलन की आशंका को देखते हुए एहतियाती तौर पर वाहनों की आवाजाही को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के अनुसार इन दिनों उक्त दोनों इलाकों में हल्की बर्फबारी और हिमस्खलन होता है।
जिसके देखते हुए सोमवार शाम चार बजे के बाद वहां वाहनों की आवाजाही को बंद कर दिया गया। यात्रियों को इस अवधि के दौरान पुलिस नियंत्रण कक्ष से सड़क की स्थिति की पुष्टि करने के बाद ही अपनी यात्रा की सलाह दी गई है।
पर्यटन विभाग की सतर्क स्की पेट्रोल टीम ने सोमवार को रेस्क्यू अभियान चलाकर गुलमर्ग की ऊपरी ढलानों में फंसे हिमाचल प्रदेश की एक महिला स्नोबोर्डर (स्कीयर) को बचाया। उसके एंकल (टखने) में फ्रैक्चर होने के कारण वह बर्फ के बीच फंस गया था।
बताया जाता है कि पर्यटन विभाग की पेट्रोल टीम को पेशे से पायलट अमित कपूर नाम के एक स्कीयर का रेडियो काल आया, जिसमें बताया गया कि महिला स्नोबोर्डर के मिड माउंटेन के पीछे की एंट्री के पास फंस गई है।
इसके बाद मौसम की विपरीत परिस्थितियों में महराज उददीन, मोहम्मद अशरफ और अब्दुल अहद की तीन सदस्यीय स्की पेट्रोल टीम ने एक टोबोगन और अन्य आवश्यक प्राथमिक चिकित्सा के साथ चढ़ाई अभियान शुरू किया।
स्नो बोर्डर को टोबोगन में लोड किया गया और उसे प्राथमिक उपचार देकर आगे के इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इसी माह की शुरुआत में एक अन्य घटना में स्की गश्ती दल के एक नार्वेजियन स्कीयर को बचाया था।