फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आसमान से आफत, जमीन पर तबाही: पुंछ-राजोरी में बाढ़ ने मचाया कोहराम, अमित शाह ने एलजी सिन्हा और सीएम से की बात

Sun, 19 Jul 2026 02:09 PM IST
Nikita Gupta अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू

सार

मूसलाधार बारिश के कारण आई अचानक बाढ़ और भूस्खलन में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन, पुलिस, सेना और राहत-बचाव एजेंसियां लगातार प्रभावित इलाकों में अभियान चला रही हैं।
विज्ञापन
जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश ने पुंछ और राजोरी जिलों में भारी तबाही मचा दी है। मूसलाधार बारिश के कारण आई अचानक बाढ़ और भूस्खलन में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन, पुलिस, सेना और राहत-बचाव एजेंसियां लगातार प्रभावित इलाकों में अभियान चला रही हैं।

विज्ञापन

केंद्र सरकार भी हालात पर नजर बनाए हुए है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से बातचीत कर बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की और प्रभावित लोगों की सुरक्षा तथा राहत कार्यों के लिए हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।

अमित शाह ने एलजी मनोज सिन्हा और सीएम उमर अब्दुल्ला से ली हालात की जानकारी
गृह मंत्री अमित शाह ने भारी बारिश और फ्लैश फ्लड से प्रभावित राजोरी समेत अन्य इलाकों की स्थिति को लेकर उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री से बात की।

अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि केंद्र सरकार प्रभावित लोगों की सुरक्षा और सहायता के लिए हर संभव मदद उपलब्ध कराएगी। उन्होंने प्रशासन को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के लिए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया है।

पुंछ-राजोरी में बारिश ने मचाई तबाही, 11 लोगों की मौत
पुंछ और राजोरी के सीमावर्ती इलाकों में भारी बारिश के बाद नदियां और नाले उफान पर आ गए। कई जगहों पर अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से घर क्षतिग्रस्त हो गए।

सबसे ज्यादा नुकसान पुंछ जिले की सुरनकोट तहसील में हुआ है, जहां कई परिवारों पर संकट टूट पड़ा।

लोअर मुर्रा गांव में भारी बारिश के कारण भूस्खलन से एक मकान मलबे में दब गया। हादसे में कई लोग दब गए, जिनमें से पांच लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। मलबे में दबे अन्य लोगों की तलाश अभी जारी है।

संगला गांव में फ्लैश फ्लड के कारण एक परिवार के चार सदस्य लापता बताए जा रहे हैं, जिनमें अब्दुल हमीद, उनकी पत्नी शरीफा बेगम, बेटी अरीबा और बहन मनिरा बेगम शामिल हैं।

नूनाबांडी गांव में मकान गिरने से 28 वर्षीय नाजिया कौसर की मौत हो गई। उनके पति मोहम्मद हफीज और तीन बच्चों को घायल अवस्था में बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया।

संगलेयानी-सुरनकोट में मकान गिरने से 22 वर्षीय शाहजेब अहमद की मौत हो गई। वहीं मरहोट इलाके में एक नाबालिग लड़की इरम की नाले में डूबने से मौत हो गई। धुंधक लठूंग पुल के पास एक महिला का शव भी बरामद किया गया।

राजोरी में फ्लैश फ्लड, सैकड़ों लोगों को सुरक्षित निकाला गया
राजोरी शहर में शनिवार रात से लगातार बारिश के बाद रविवार सुबह अचानक फ्लैश फ्लड की स्थिति बन गई।

दरहाली नदी समेत कई जलधाराएं उफान पर आ गईं, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया। कई वाहन बह गए या पानी में डूब गए।

बाढ़ प्रभावित इलाकों से सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राहत एवं बचाव दल प्रभावित परिवारों को सहायता पहुंचाने में जुटे हुए हैं। राजोरी के मुरादपुर इलाके में नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से फंसे दो लोगों को बचाव दलों ने सुरक्षित बाहर निकाला।
विज्ञापन

कश्मीर में बारिश से मिली गर्मी से राहत, कई इलाकों में जलभराव
वहीं कश्मीर घाटी में रविवार को हुई मध्यम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। इससे पहले शनिवार को घाटी में इस साल का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया था। हालांकि बारिश के कारण श्रीनगर के कई इलाकों में जलभराव हो गया और सड़कों पर पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें