अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भी पाकिस्तान की नापाक हरकतें जारी हैं। शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे से रविवार तड़के साढ़े चार बजे तक पाकिस्तानी सेना ने पप्पू चेक पोस्ट से भारत की चंदवां पोस्ट और रिहायशी इलाकों में गोलाबारी की। इसमें चक्क चंगा के हरबंस लाल और रमेश चंद के दो मवेशी जख्मी हो गए। खेतों में गोले गिरने से गेहूं की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। हालांकि बीएसएफ ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है।
बांडीचैचियां में दो मकान, डोकरी में स्कूल क्षतिग्रस्त
सीमापार से रविवार को कस्बा और कीरनी में रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर भारी गोलाबारी की गई। इसमें बांडीचेचियां इलाके के दो मकान और डोकरी गांव में सरकारी मिडिल स्कूल क्षतिग्रस्त हो गया। बांडीचेचियां गांव के कल्लर वार्ड एक निवासी मोहम्मद रशीद और मोहल्ला जब्रां वार्ड चार निवासी मोहम्मद रशीद के मकान के पास गोले गिरे। इससे दोनों के मकानों को भारी नुकसान पहुंचा। इसके अलावा कीरनी सेक्टर स्थित डोकरी गांव के सरकार मिडिल स्कूल के बरामदे की छत पर भी गोला आ गिरा। इससे लेंटर में सुराख होने के साथ स्कूल भवन को नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना अब 120 एमएम के मोर्टार दागते हुए नागरिक ठिकानों को निशाना बना रही है। संवाद