चंद्रकोट में बगलिहार परियोजना की जेपी कंपनी के स्टोर के बाहर एक ट्रक से आक्सीजन सिलेंडर अनलोड करते वक्त जोरदार धमाका हुआ। हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें रामबन जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। उधर, मामले की जांच के लिए एफएसएल की टीम बुलाई गई।
धमाके की गूंज पूरे चंद्रकोट में सुनाई दी। इससे लोग दहशत में आ गए। अफरातफरी का माहौल भी बन गया। हालांकि बाद में पता चला कि आक्सीजन सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ है। उधर, घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय परिहार, तहसीलदार रामबन, सेना अधिकारी और जेपी कंपनी प्रतिनिधि रणदीप सिंह मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
वहीं घायलों को पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल रामबन पहुंचाया गया। बाद में उनहें जीएमसी रेफर कर दिया गया। मामले में एसएसपी अनीता शर्मा का कहना है कि चंद्रकोट में जेपी कंपनी के स्टोर में एक वाहन से आक्सीजन सिलेंडर अनलोड करते वक्त सिलेंडर से गैस निकलने से ब्लास्ट हुआ।