जम्मू। प्रदेश में पिछले 24 घंटों में 2253 कोरोना के नए मामले आए हैं। राहत यह है कि संक्रमित होने वालों से दोगुने 4334 मरीज स्वस्थ हुए हैं। ऐसे में एक्टिव मामले तेजी से नीचे आकर चालीस हजार से भी कम हो गए हैं। हालांकि, चिंता का विषय 46 मरीजों की मौत रही है। जम्मू में तीस व कश्मीर में 16 मरीजों की मौत हुई।
नए संक्रमित मामलों में जम्मू संभाग में 794 और कश्मीर में 1459 नए मामले आए हैं। वहीं स्वस्थ होने वाले 4334 मरीजों में जम्मू संभाग के 1898 और कश्मीर संभाग से 2436 मरीज शामिल हैं। जम्मू संभाग में हुई 30 मरीजों की मौत में जीएमसी जम्मू में 12, गांधीनगर अस्पताल में एक, सीएच उधमपुर में दो, जिला अस्पताल किश्तवाड़ में दो, एसपीएस अस्पताल लुधियाना में एक, फोर्टिस अमृतसर में एक, बद्रीनाथ अस्पताल अमृतसर में एक, जीएमसी डोडा में एक, जीएमसी राजोरी में तीन, एमएच सतवारी में एक, कटड़ा सिथत नारायणा अस्पताल में दो और तीन मरीजों की मौत घर पर ही हुई है।
संभाग स्तर पर नए मामलों में जम्मू संभाग के जम्मू जिले में 343, उधमपुर में 60, राजोरी में 60, डोडा में 54, कठुआ में 47, सांबा में 23, किश्तवाड़ में 32, पुंछ में 70, रामबन में 66 और रियासी में 39 मामले आए हैं। कश्मीर के श्रीनगर जिले में 353, बारामुला में 162, बडगाम में 169, पुलवामा में 142, कुपवाड़ा में 203, अनंतनाग में 184, बांदीपोरा में 69, गांदरबल में 52, कुलगाम में 91, शोपियां में 34 नए मामले आए हैं। ऐसे में प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 2 लाख 86 हजार 684 हो गई है। हालांकि, एक्टिव मामले 39255 ही रह गए हैं। मृतकों की संख्या बढ़कर 3841 हो गई है।