संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। भारत में पहली बार बास्केटबॉल यू लीग होने जा रही है। इसकी घोषणा मंगलवार को एलीट प्रो बास्केटबॉल ने की। यू लीग का उद्घाटन सीजन फरवरी 2024 में शुरू होगा। इसमें 16 पुरुषों और 6 महिलाओं की टीमें प्रतिस्पर्धा करेंगी। पुरुषों की टीमों में कानपुर, रायपुर, बनारस, गुरुग्राम, आइजोल, श्रीनगर, रांची, भोपाल, नोएडा, कटक, नागपाड़ा, पुडूचेरी, पटना, विजाग, देहरादून और भीलवाड़ा शामिल हैं। महिलाओं में लुधियाना, वडोदरा, इंदौर, जयपुर, कोच्चि और हैदराबाद की टीम है।
एलीट प्रो बास्केटबॉल के सीईओ सनी भंडारकर ने कहा कि केवल 50 बास्केटबॉल एथलीटों को पोषण देने के बजाय एलीट प्रो बास्केटबॉल का लक्ष्य अगले 3 महीनों में ईपीबीएल, ईडब्ल्यूपीबीएल और यू लीग के माध्यम से 700 से अधिक नौकरियां पैदा करना है, जिससे भारतीय प्रो बास्केटबॉल में सबसे बड़ा पारिस्थितिकी तंत्र तैयार होगा। भारत में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, शारीरिक प्रशिक्षकों, प्रबंधन कर्मियों, प्रशिक्षुओं और बास्केटबॉल से संबंधित अन्य लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करेंगे।
सीनियर नेशनल टेनिकोइट चैंपियनशिप के लिए ओपन ट्रायल कल
जम्मू। जम्मू-कश्मीर टेनिकोइट एसोसिएशन चौथी सीनियर नेशनल टेनिकोइट चैंपियनशिप के लिए ओपन सेलेक्शन ट्रायल आयोजित कर रहा है। प्रतियोगिता 9 से 13 जनवरी तक आंध्र प्रदेश में होगी। इसके लिए ट्रायल ग्रीनफील्ड ग्राउंड गांधीनगर में 27 दिसंबर को दोपहर 2ः30 बजे से शुरू होंगे। इच्छुक खिलाड़ी ट्रायल में भाग ले सकते हैं। संवाद