अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। डिग्याना में बीच चौक गोली चलाकर दहशत फैलाने के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। गोली देसी कट्टे से चलाई थी। शेर गलियां दड़प के सुमित वर्मा उर्फ वंश से हथियार बरामद कर लिया है, जिसे उसने मेरठ से खरीदा था। रंजिशन वारदात हुई थी। एक महीने पहले डिग्याना के पास गोली चलने की वारदात हुई थी। पुलिस को सिर्फ इतना पता चला था कि बाइक चालक और कार सवार युवक की बीच सड़क पर बहस हुई और जाते वक्त बाइक सवार ने हवा में दो गोलियां चलाकर दहशत फैला दी।
पूछताछ में वंश ने बताया कि दोस्त के साथ वाल्मीकि चौक के रहने वाले कुछ युवकों की इंस्टाग्राम पर चैटिंग में बहस हो गई थी। विवाद युवती को लेकर था। इसके बाद वह लोग डिग्याना में आमने-सामने आ गए। दोस्त के साथ सिर्फ वहां गया था। उसके पास देसी कट्टा था, जो मेरठ से मंगवाया था। जोश में आकर हवा में गोलियां चला दीं, ताकि दूसरे गुट पर दबाव डाला जा सके। पता चला है कि वंश पहले भी मारपीट की घटनाओं में शामिल रहा है। मगर एफआईआर नहीं हुई। फिलहाल मामले की जांच जारी है। दूसरे गुट के युवकों को बुलाकर बयान दर्ज किए जा रहे हैं।