जम्मू। शहर में आपात सेवाओं के लिए अव्यवस्थित यातायात सबसे बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है। पेंसिल फैक्टरी तक पहुंचने में दमकल विभाग को देरी हो गई जिससे आग और भड़क गई। गांधीनगर से तालाब तिल्लो तक जाने में कुछ ही मिनट लगते हैं, लेकिन जाम के कारण दमकल वाहनों को करीब 20 मिनट लग गए।
जगह-जगह जाम के कारण विभाग की गाड़ियां फंसी रहीं। सायरन बजाने के बावजूद रास्ता नहीं मिला। आलम यह रहा कि खुद कर्मियों को ट्रैफिक पुलिस की भूमिका निभानी पड़ी और सड़क पर उतरकर लोगों से रास्ता देने की अपील की। इस कारण राहत कार्य में देरी हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने बक्शी नगर से जेसीबी मशीन को मौके पर बुलाया लेकिन ट्रैफिक जाम यहां भी बाधा बना। जेसीबी को घटनास्थल तक पहुंचने में करीब आधे घंटे का समय लग गया। कर्मचारियों का कहना था कि अगर समय पर मशीनरी और दमकल वाहन पहुंचते तो नुकसान को कुछ हद तक कम किया जा सकता था।
डिविजनल फायर अफसर जाफर शेख ने कहा कि जाम होने के कारण बचाव कार्यों में देरी हुई। हालात ऐसे थे कि गाड़ी से नीचे उतरकर लोगों को रास्ता देने के लिए कहना पड़ा। लोगों से अपील है कि आपात सेवाओं के दौरान ऐसी अनदेखी न करें। उधर एसपी ट्रैफिक अमित भसीन ने कहा कि स्थिति को संभाल लिया गया था। जाम के कारण कोई बड़ी परेशानी नहीं हुई। ऐसी घटना पर हर कोई कुछ कहता है। कुछ तो लोग कहेंगे, लोगों का काम है कहना।