जम्मू में रेशम घर कॉलोनी स्थित पब्लिक सर्विस कमीशन (पीएससी) के कार्यालय में बुधवार को आग लग गई। कार्यालय के दूसरे फ्लोर पर लगी आग को दमकल वाहनों की मदद से पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बुझाया गया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इसमें पीएससी का कॉफी रिकॉर्ड जलने की जानकारी है। बुधवार दोपहर तीन बजे लगी आग देर शाम तक नहीं बुझ पाई।
जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक कार्यालय के कंप्यूटर, फर्नीचर और कुछ जरूरी रिकॉर्ड जल गया। अग्निकांड के दौरान पुलिस और दमकल विभाग के अफसर मौके पर मौजूद रहे। जानकारी के अनुसार जिस जगह आग लगी, वहां पर पीएससी की पुरानी फाइलें रखी गई हैं।
बुधवार को छुट्टी के चलते कार्यालय बंद था। दोपहर को अचानक से दूसरी इमारत से धुआं निकलने लगा। इसके बाद दमकल विभाग और बख्शी नगर पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस और दमकल विभाग के कर्मी वाहनों सहित मौके पर पहुंचे।
डीएसपी अमित शर्मा का कहना है कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट ही बताया जा रहा है। यहां आग लगी, वहां पर पीएससी की फाइलें और पुराना सामान रखा हुआ है, जो राख हो गया। अब यह आग खुद लगी या फिर किसी ने जानबूझ कर लगाई। इसकी जांच के लिए वीरवार को एफएसएल की टीम मौके का दौरा करेगी। जांच के जरूरी सैंपल लिए जाएंगे। इसके बाद आग लगने का सही कारणों का पता चलेगा।