जम्मू। पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं पूर्व विधायक कवींद्र गुप्ता के गांधी नगर स्थित सरकारी आवास के सुरक्षा कक्ष में शुक्रवार की रात आग लग गई। इससे कमरे में रखा कुछ सामान भी जल गया। हालांकि एक बड़ी घटना भी टल गई। कमरे में आईटीबीपी जवानों के तीन लोहे के बक्से भी पड़े थे जिसमें असलहा पड़ा था। यदि आग बक्सों में चली जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण कमरे में लगा एयर कंडीशनर बताया जा रहा है। जिसमें शार्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग का अमला मौके पर पहुंच गया और दो घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझा दी गई। दमकल विभाग के अनुसार कमरे में एक टेलिफोन, फैक्स मशीन, टेबल और एसी जल गया। जबकि लोहे के तीन बक्से जलने से बचा लिए गए। कवींद्र गुप्ता की सिक्योरिटी में आईटीबीपी के जवान तैनात हैं। इनके रहने के लिए एक कमरा बना हुआ है। जिसमें यह आग लग गई। आग लगने के बाद पुलिस के अफसर भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अब जांच की जा रही है कि किसी ने जानबूझ कर सिक्योरिटी रूम में आग तो नहीं लगाई।