जम्मू। शहर के रिहाड़ी क्षेत्र में स्थित जैकफेड कार्यालय में वीरवार को आग लग गई। इसमें कुछ रिकार्ड जलकर खाक हो गया। हालांकि, दमकल वाहनों की मदद से आग को फैलने से रोका गया। यदि आग फैल जाती तो कार्यालय में रखा सारा रिकार्ड जल सकता था। जानकारी के अनुसार दोपहर करीब एक बजे कार्यालय के एक रिकार्ड रूम में आग लग गई। आग के चलते कमरे में रखी फाइलें जलने लगीं, तो कर्मियों ने शोर मचाया। इसके बाद तुरंत पुलिस को घटना के बारे में सूचित किया गया। जल्द ही पंजतीर्थि फायर स्टेशन से दमकल वाहन मौके पर पहुंच गए और आग को फैलने से रोका गया। आग बुझने से पहले काफी रिकार्ड जल गया। पुलिस ने इसे लेकर रिपोर्ट दर्ज की है। आग लगने के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।