अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर के नरवाल इलाके में एक प्लास्टिक और बर्तन स्टोर की तीन मंजिला इमारत में शनिवार रात को भीषण आग लग गई। इससे स्टोर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचे गांधीनगर दमकल विभाग के कर्मियों ने दस गाड़ियों की मदद से करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग इतनी भीषण थी कि सुबह तक सुलगती रही। इसका कारण शॉट सर्किट बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है। इसे लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 11.30 बजे नरवाल के रेडिसन ब्लू होटल के नजदीक श्रीगणेश प्लास्टिक एंड बर्तन स्टोर में आग लग गई। यह स्टोर तीन मंजिला है। ऊपर और नीचे कुल चार दुकानों में बड़ी संख्या में प्लास्टिक का सामान और बर्तन रखे गए थे। रात को अचानक निचले फ्लोर की एक दुकान में आग लगी और ऊपर तक पहुंच गई, क्योंकि अधिकतर सामान प्लास्टिक का था, इसलिए आग ने तेजी से चारों दुकानों को चपेट में ले लिया। दुकानों में बड़ी संख्या में गत्ता भी पड़ा था। इससे भी आग फैल गई। कुछ लोगों ने घटना की जानकारी नरवाल नाके पर मौजूद पुलिस कर्मियों को दी। पुलिस ने इसके बारे दमकल विभाग को सूचित किया। वहीं, नरवाल पुलिस चौकी और त्रिकुटा नगर थाने प्रभारी के भी मौके पर पहुंच गए। आग की सूचना मिलने पर स्टोर के मालिक सतपाल शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि चार दुकानों में सामान रखा था। जब तक आग बुझाई गई तब तक दुकानों में पड़ा सारा सामान जल चुका था।
जानीपुर में टेंपो ट्रैवलर जलकर राख
शहर के जानीपुर इलाके में एक टेंपो ट्रैवलर में आग लग गई। इससे टेंपो पूरी तरह से जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार कमलानगर बन तालाब के पास चालक ने टेंपो (जेके02बीए 5054) खड़ा किया था। इसमें शनिवार की देर रात अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। टेंपो के मालिक ने आरोप लगाया है कि किसी ने जान-बूझकर आग लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।