अरनिया क्षेत्र में करीब 150 कनाल गेहूं की फसल जलकर राख
आग लगने के कारणों का नहीं चला पता, देर से पहुंचा दमकल
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। क्षेत्र के गांव कूल खुर्द में सोमवार को आग लगने से गांव सुहागपुर तक की करीब डेढ़ सौ कनाल गेहूं की फसल राख हो गई। इस घटना ने करीब 50 परिवारों की महीनों की मेहनत को खाक में मिला दिया है। आग बुझाने के लिए दमकल की गाड़ियां मौके पर देरी से पहुंचीं। दमकल की एक गाड़ी कूल खुर्द की ओर आग बुझाने पहुंची थी, लेकिन सुहागपुर की ओर जाने वाली गाड़ी को रास्ता ही नहीं मिला। बर्बादी का सारा मंजर लोगों ने अपनी आंखों से देखा।
मौके पर मौजूद लोगों ने वृक्षों की टहनियां तोड़कर आग पर काबू पाने की कोशिश की थी, लेकिन तेज हवा के चलते आग काबू में आई ही नहीं, और मेहनत धुआं होती रही। इलाके में इतनी बड़ी घटना हो गई, लेकिन आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका। क्षेत्र में आग लगने की सूचना मिलने पर पुलिस, दमकल विभाग के कर्मचारी और राजस्व विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए थे। अरनिया थाना प्रभारी दीपक कटोच ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अभी तक जिन लोगों की फसल जली है, उनकी तरफ से भी रिपोर्ट नहीं की गई है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना को लेकर नायब तहसीलदार अरनिया देशराज ने बताया कि लगभग डेढ़ सौ कनाल गेहूं की फसल जलकर राख हो गई है। जिन लोगों की फसल जलकर राख हुई है, वह पुलिस थाने में अपनी रिपोर्ट दर्ज करवाएं। उसके बाद पटवारी मौके का जायजा लेंगे और सूची बनाकर मुआवजे के लिए सरकार को भेजेंगे।