सुंदरबनी। आसमान से बरसती सूरज की गर्मी इस कदर हावी है कि बीती रात कालीधार के जंगलों में लगी आग पर वन संरक्षण विभाग के लोग दूसरे दिन यानी शुक्रवार की शाम तक भी काबू पाने में नाकाम रहे। इसी बीच आग ने लाखों रुपये की वन संपदा को जलाकर राख कर दिया है। वीरवार की रात से ही वन विभाग के अधिकारी आग बुझाने के लिए पूरे प्रयास करते रहे, लेकिन उमस भरी गर्मी ने आग की तपिश को कम नहीं होने दिया।
जानकारी के मुताबिक वीरवार देर रात सुंदरबनी से सटे कुंड, नडांनी, गैग, लडेआ, भींडी, आदि गांवों में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। जैसे ही वन विभाग के अधिकारियों को कालीधार क्षेत्र के जंगलों में लगी आग की जानकारी मिली तो वह फारेस्ट प्रोटेक्शन फोर्स की टीमें लेकर मौके पर पहुंच गए। घने जंगल तथा उमस भरी गर्मी के कारण काफी मशक्कत करने के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। शुक्रवार सुबह तक यह आग आसपास के जंगलों में भी फैल गई। वन विभाग के अधिकारी शुक्रवार शाम तक भी आग पर काबू पाने में नाकामयाब रहे। आग ने अब तक जंगलों का काफी नुकसान कर दिया है।
देसी शराब के साथ दो लोग गिरफ्तार
सुंदरबनी। उपजिले के पहाड़ी क्षेत्रों में लॉकडाउन के बीच अवैध देसी शराब का धंधा कर रहे दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। छानबीन में उनके पास से सात लीटर शराब देसी शराब बरामद हुई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुंदरबनी के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर एसडी सिंह के नेतृत्व में गश्त पर निकली टीम ने पहाड़ी क्षेत्र के गांव हथल में दो लोगों विकास शर्मा और पूर्ण चंद को शक के आधार पर पकड़ा, और उनकी तलाशी सात लीटर शराब जब्त की। दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई भी शुरू हो गई है।