जम्मू। जम्मू विधानसभा परिसर में आग लग गई। इससे ऐतिहासिक तस्वीरें, फर्नीचर और कालीन जल गए हैं। बुधवार सुबह नौ बजे के करीब भवन की लॉबी में आग लगी। सचिवालय में तैनात कर्मचारियों ने समय रहते अग्निशमक यंत्रों से आग को फैलने से रोक लिया। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया। पक्का डंगा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉट सर्किट बताया जा रहा है।
परिसर में मौजूद कर्मियों ने जब आग को देखा तो उन्होंने मदद के लिए शोर मचाया। पास में तैनात दमकल विभाग के कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। आग पर जब तक काबू पाया गया तब तक जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपालों और उपराज्यपालों की तस्वीरों के अलावा कुछ ऐतिहासिक तस्वीरें, जिनमें विधानसभा के सदस्यों का ग्रुप फोटोग्राफ भी शामिल है, जल गए। ब्यूरो