रियासत के प्रमुख विपक्षी दल नेशनल कांफ्रेंस के कार्यालय में रविवार को लगी आग में भारी नुकसान हुआ है। सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम जम्मू-कश्मीर सीमेंट की इमारत में सुबह लगी भीषण आग ने देखते ही देखते नेकां कार्यालय को भी अपनी चपेट में ले लिया।
सीमेंट कंपनी के कार्यालय में सुबह छह बजे लगी आग की लपटें पास ही स्थित 45 साल पुराने नेशनल कांफ्रेंस के हेडक्वार्टर तक पहुंच गईं। घटना की जानकारी मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की 14 दमकलें मौके पर पहुंचीं और घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
दमकल विभाग के अधिकारी के अनुसार आग बुझाने के क्रम में विभाग के चार मुलाजिम जख्मी हो गए। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। जेके सीमेंट के अलावा कश्मीर होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन (खारा) के कार्यालय बुरी तरह जल गए, जबकि नेशनल कांफ्रेंस के कार्यालय में कम नुकसान हुआ।