मोबाइल पर मैसेज आने पर मालिक को पता चला
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। कस्बे में खड़ी कार का कश्मीर के अवंतीपुरा के टोल प्लाजा पर टोल कट गया। मैसेज आने पर कार मालिक को पता चला। उसने तुरंत पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने पीड़ित को साइबर क्राइम में शिकायत करने को कहा है।
सांबा निवासी अरुण कुमार ने बताया कि रविवार को संक्राति पर परिवार कठुआ के एरवां में गया था। कार नंबर (जेके21एच 7303) कस्बे के ही पार्क में खड़ी थी। उसी रात 12 बजे मोबाइल पर उनकी गाड़ी का 120 रुपए टोल कटने का मैसेज आया। टोल कश्मीर के अवंतीपुरा के कच्छकोट टोल प्लाजा पर कटा था। अरुण ने कहा कि वह कश्मीर में गए ही नहीं तो कस्बे में खड़ी कार टोल कैसे कट गया। उन्होंने पुलिस को भी सूचित किया है। पुलिस का कहना है कि मामला साइबर क्राइम का है। इसलिए जम्मू के गांधीनगर में शिकायत करें।
कठुआ में पार्क गाड़ी का कश्मीर में कट गया था चालान
गौरतलब है कि इससे पहले भी कठुआ के एक व्यक्ति को उसकी गाड़ी का कश्मीर में चालान कटने का मैसेज आया था। जबकि, वह कश्मीर गया ही नहीं था। आशंका है कि कहीं कश्मीर में उनकी गाड़ी के जाली नंबर लगाकर वाहन तो नहीं चलाए जा रहे हैं। अरुण कुमार ने पुलिस से मामले की जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।