लोगों से बार-बार कहने और जागरूक करने के बावजूद भी फर्जी फोन काल के जरिये लोगों के खातों से पैसे निकालने की घटनाएं रुक नहीं रही है। सोमवार को ऐसा ही एक और मामला सामने आया है। एटीएम का पिन पूछकर हजारों रुपये निकाल लिए गए। इस बार बिजली विभाग के सीनियर अधिकारी ठगी के शिकार हुए हैं।
केनाल रोड स्थित बिजली विभाग के कार्यालय में तैनात इंजीनियर हरकृष्ण कौल के खाते से पचास हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। वह विभाग में एईई के पद पर तैनात हैं। एसएचओ नीरज भगत ने बताया कि एईई की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। कौल ने पुलिस को बताया कि सोमवार को उसे फोन आया कि उसका एटीएम कार्ड ब्लाक हो गया है।
कार्ड को अन ब्लाक करने के लिए पिन कोड और कार्ड नंबर मांगा गया। उसने दोनों ही चीजें दे दी। कुछ ही देर के बाद उसे फोन पर संदेश आया कि उनके खाते से पचास हजार रुपये की शापिंग कर ली गई है। जिस नंबर से फोन आया था, पुलिस ने वो नंबर नोट कर लिया है। कुछ दिन पहले भी एक युवती के खाते से इसी तरह पैसे निकाल लिए गए थे। सबसे हैरानी की बात तो यह है कि पढ़े लिखे भी इसके शिकार हो रहे हैं, जो इससे पूरी तरह से वाकिफ हैं।