दोमाना (जम्मू)। नक्सलियों की कैद से रिहा होने के बाद जम्मू का लाल सीआरपीएफ का कोबरा कमांडो राकेश्वर सिंह मन्हास शुक्रवार को अपने घर आएगा। कोबरा कमांडो के साथ उसकी रिहाई में अहम भूमिका निभाने वाले दस लोगों में छह सदस्य साथ होंगे। जम्मू एयरपोर्ट से लेकर बरनाई स्थित आवास तक स्वागत की जोरदार तैयारियां की गई हैं। परिवार में उत्सव का माहौल है। मां और पत्नी खुश है तो पुत्री अपने पापा के लिए चहक रही है। पूरा गांव जश्न मनाने को तैयारी कर रहा है।
सीआरपीएफ के कोबरा कमांडो राकेश्वर सिंह मन्हास शुक्रवार को 11:55 बजे जम्मू एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उनके आने की खबर मिलने पर बुधवार को घर पर बधाई देने वालों का तांता रहा। घर वापसी से पहले ही उनके घर पर उत्सव का माहौल है। परिवार का हर सदस्य उनके स्वागत के लिए तैयारियों में जुटा है। राकेश्वर के स्वागत के लिए जम्मू संभाग के सीआरपीएफ के एडीजी और आईजी स्वयं मौजूद रहेंगे। परिवार वालों की ओर से बरनाई के एक रिसॉर्ट में कार्यक्रम रखा गया है। एयरपोर्ट से राकेश्वर सीधा रिसॉर्ट पहुंचेंगे। यहां स्थानीय लोगों, रिश्तेदारों के साथ ही कई नेता और अधिकारी भी रहेंगे। ज्ञात हो कि राकेश्वर सिंह पिछले 5 सालों से कोबरा कमांडो में हैं और पिछले 3 माह से वह छत्तीसगढ़ में तैनात हैं।
मां बोलीं-बेटे के घर पहुंचने पर अपने हाथों से खिलाएंगी खाना
मां कुंती देवी ने कहा कि जब तक बेटे को सीने से नहीं लगा लेती कलेजे को ठंडक नहीं मिलेगी। बेटे के घर आते ही उसे अपने हाथों से खाना खिलाऊंगी। घर पर मां भगवती की ज्योति उस दिन से प्रज्ज्वलित है जिस दिन बेटे के नक्सलियों के कब्जे में होने की खबर मिली। शुक्रवार को मां कुष्मांडा का चौथा नवरात्र है। नवरात्र में बेटे की वापसी मां के आशीर्वाद से कम नहीं है। मां दुर्गा ने उनकी मनोकामना पूरी की। बेटे के घर आने पर अपने हाथों से लोगों को लंगर खिलाकर मनोकामना पूरी करेंगी।
बेटी घर आने की सूचना पर झूम उठी
पापा के घर आने की सूचना पाकर बेटी सारघ्वी खुशी से झूम उठी। वह पूरा दिन खेलती रही। पूछने पर उसने कहा कि वह पापा के साथ खूब खेलेगी-कूदेगी। घूमेगी भी। शादी के लिए कपड़े भी खरीदवाएगी।
पति को सामने पाकर मिलेगी पूरी तसल्ली
पत्नी मीनू मन्हास ने बताया कि राकेश्वर सिंह को अप्रैल माह के पहले सप्ताह में साले और चचेरे भाई की शादी के लिए घर आना था। उससे पहले ही यह घटनाक्रम हो गया। अब दोनों शादियां धूमधाम के साथ संपन्न होंगी। कहा कि पति के आने का बेसब्री से इंतजार है। उन्हें सामने पाकर पूरी तसल्ली मिलेगी।