भद्रवाह के शिबनोट क्षेत्र में चिनाब नदी में दूसरा व्हाइट वाटर राफ्टिंग उत्सव हुआ। इसमें करीब 200 लोगों ने प्रेमनगर शिबनोट से करारा तक राफ्टिंग यात्रा में भाग लिया।
उपायुक्त विशेष पॉल महाजन के मार्गदर्शन और निर्देश में जेके एडवेंचर ग्रुप और एक्सट्रीम एडवेंचर ग्रुप के समन्वय से भद्रवाह के शिबनोट क्षेत्र में चिनाब नदी में दूसरा व्हाइट वाटर राफ्टिंग उत्सव शुरू हुआ। इसका उद्देश्य बैक टू विलेज के चौथे चरण के तहत जिले में ग्रामीण साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देना है।
विज्ञापन
उत्सव के पहले दिन डोडा के लोगों की ओर से भारी उत्साह और जबरदस्त भागीदारी देखी गई। पहले दिन जिले भर से एक हजार से अधिक लोगों विशेष रूप से युवा पीढ़ी ने उत्सव में भाग लिया, और लगभग 200 ने प्रेमनगर शिबनोट से करारा तक राफ्टिंग यात्रा में भाग लिया। कार्यक्रम की शुरूआत में उपायुक्त ने भी एसएसपी डोडा अब्दुल कयूम और अन्य अधिकारियों के साथ राफ्टिंग का आनंद लिया। इस पूरे उत्सव की देखरेख एसडीएम ठाठरी अतहर अमीन जरगर कर रहे हैं।
प्रतिभागियों ने कार्यक्रम स्थल पर एटीबी की सवारी का भी आनंद लिया। इसके अलावा यह सूचित किया गया है कि जब तक आयोजकों को आगंतुकों से प्रतिक्रिया नहीं मिलती है, तब तक कार्यक्रम स्थल पर वही गतिविधियां जारी रहेंगी। राफ्टिंग का पूरा कार्यक्रम सुरक्षा उपायों के सख्त मानकों के तहत आयोजित किया गया था और बिना किसी घटना के लोगों विशेष रूप से जिले के युवाओं ने पूरे कार्यक्रम का आनंद लिया।
विज्ञापन
प्रतिभागियों ने जिला प्रशासन से निकट भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया। शिबनोट में एसडीएम ठाठरी के अलावा सिविल और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने दिन भर उत्सव का आनंद लिया।