अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जेएमसी ने कोट भलवाल में 205 कनाल भूमि का अधिग्रहण किया है। अतिक्रमण से बचाने के लिए चारदीवारी बनाने पर काम पूरा किया जा रहा है। यह बात स्वच्छ भारत कमेटी के चेयरमैन गोपाल गुप्ता ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन गतिविधियों की प्रगति का आकलन करने के लिए समीक्षा बैठक में कही। उन्होंने अधिकारियों से काम में तेजी लाने के लिए कहा। साथ ही परियोजनाएं समय पर पूरी करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि कोट भलवाल कचरा निस्तारण केंद्र के काम दो साल की अवधि में पूरा किया जाना है। इसके बाद कचरे का निस्तारण होगा।
वहीं, नगर निगम ने चार स्वचालित रोड स्वीपिंग मशीन खरीदने के लिए निविदा की है। निविदा तब खुली होगी जब समिति के सदस्य रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। जेएमसी अतिरिक्त कूड़ेदान भी खरीदेगा, जिससे घरों से ही गीला और सूखा कचरा अलग हो सकेगा। हाल ही में कूड़ेदान वितरित किए गए हैं। अब फिर अक्टूूबर में कूड़ेदान वितरित करने की योजना है। गुप्ता ने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था चकाचक हो, उसके लिए समय पर कचरा एकत्रित होना जरूरी है। लोग भी सहयोग करें और कूड़ेदान में कचरा डालें। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ऑटो की संख्या में भी इजाफा किया जाएगा।