- 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा, हत्याकांड के वक्त सामने आया था नाम
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। बहुचर्चित एनआरआई अवतार सिंह हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आईएएस अधिकारी संजीव वर्मा के ससुर शरद पुरी को गंग्याल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुरी का नाम हत्याकांड की शुरुआत से ही सामने आ गया था। अवतार सिंह के परिजनों ने साफतौर पर आरोप लगाया था कि शरद पुरी ने भू माफिया गोला शाह और पुरुषोत्तम के साथ मिलकर हत्याकांड की साजिश रची। पिछले डेढ़ महीने से पुलिस पुरी को लगातार पूछताछ के लिए बुला रही थी। वीरवार को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया। पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। वे त्रिकुटा नगर के रहने वाले हैं।
उल्लेखनीय है कि ग्रेटर कैलाश में अवतार सिंह की जमीन विवाद में हत्या कर दी गई थी। इसके बाद जमकर बवाल हुआ। जट्ट समुदाय समेत कई संगठनों ने इस मामले को उठाया। मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया। जांच के बाद पुलिस ने भू माफिया गोला शाह, पुरुषोत्तम लाल समेत एक दर्जन लोगों को गिरफ्तार कर लिया था लेकिन शरद पुरी नहीं गिरफ्तार हुए थे। पुरी पूर्व में ठेकेदार रहे हैं।
वह जीएडी के सचिव आईएएस संजीव वर्मा के ससुर हैं। आईएएस अधिकारी पर भी ससुर का साथ देने का आरोप लगा था। वरिष्ठ जट्ट नेता टीएस टोनी का कहना है कि हत्या की साजिश में शरद पुरी का भी पूरा हाथ था क्योंकि इन्होंने गोला शाह और पुरुषोत्तम के साथ मिलकर सारा प्लान बनाया था।