गवर्नमेंट गर्ल्स मिडिल स्कूल डनसाल में सातवीं कक्षा के विद्यार्थी के साथ कथित मारपीट करने वाले आरोपी शिक्षक को शिक्षा विभाग की तरफ से क्लीन चिट मिल गई है। शिक्षा विभाग की जांच में विद्यार्थी के साथ मारपीट करने वाला उसका ही पिता है और इसमें शिक्षक की कोई गलती नहीं है। चीफ एजूकेशन अफसर का कहना है कि जांच में डनसाल पंचायत के सरपंच और पंचों ने भी गवाही दी है और बताया कि अक्सर बच्चों के साथ पिता बुरी तरह से मारपीट करता रहता है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को शिक्षक द्वारा विद्यार्थी के साथ कथित मारपीट का मामला प्रकाश में आया था। वीरवार को विद्यार्थी विशाल को गंभीर हालत में जीएमसी लाया गया था, जहां विशाल के पिता ने शिक्षक धीरज पर बच्चे के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया था, जबकि स्कूल की हेडमास्टर ने आरोपों को बेबुनियाद बताया था। हेडमास्टर का कहना था कि चोरी करने पर विद्यार्थी को केवल डांटा था, किसी ने भी मारपीट नहीं की थी।
सीईओ जम्मू ने इंचार्ज जेडईओ को मामले की जांच के आदेश दिए थे। जेडईओ ने मंगलवार को मामले की जांच की रिपोर्ट सीईओ के पास जमा करवाई है। सीईओ जेके सूदन ने बताया कि जांच में पता चला है कि आरोपी शिक्षक की कोई गलती नहीं है। अक्सर विशाल का पिता बच्चों को बुरी तरह से पीटता है। इसकी गवाही डनसाल के सरपंच और पंचों ने भी दी है। इसके अलावा स्कूल के अन्य विद्यार्थियों से भी पूछताछ की गई है।
इतना ही नहीं, विशाल की दो बहनें भी उसी स्कूल में पढ़ती हैं। उन्होंने भी बताया कि विशाल को वीरवार की शाम को पिता ने ही घर में बुरी तरह से पीटा था, जिसके बाद उसकी हालत खराब हो गई थी। उन्होंने कहा कि शिक्षक पूरी तरह से निर्दोष हैं।