ज्यौड़ियां। पंचायत चक्क भगवाना की वार्ड नंबर 4 गांव पोठा में सोमवार दोपहर किसान के रिहायशी कुल्ले को संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग से किसान की तरफ से कुल्ले के भीतर रखा सारा समान जल कर राख हो गया। आग पर काबू पाने की कोशिश करते किसान का बेटा सुनील कुमार पुत्र गीटन राम भी घायल हो गया। इसका इलाज सेना की तरफ से मिलिट्री अस्पताल में करवा कर वापस घर भेज दिया।
किसान गीटन राम पुत्र संसार चंद ने बताया कि कुल्ले के भीतर 10 क्विंटल गेहूं, 5 क्विंटल सरसों, 5 क्विंटल बाजरा, 25 क्विंटल बुसा (पू) व घर का अन्य सामान जल गया। मौके पर ज्यौड़ियां पुलिस चौकी की पुलिस भी पहुंची पुलिस ने आगजनी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं आग का जायजा लेने के लिए तहसील ज्यौडि़यां बंसी लाल, सेना के मेजर ब्रजेश कुमार जादव 21 मैक ने घटनास्थल का दौरा किया। गांव के नजदीक की सेना के यूनिट के अधिकारियों ने किसान के नुकसान की भरपाई करने का भरोसा दिया है। सेना की तरफ से किसान की मदद करते हुए राशन दिया है। वहीं ज्यौड़ियां क्षेत्र के लोगों ने ज्यौडियां में दमकल विभाग की गाड़ी तैनात करने की भी प्रशासन से मांग की है।