खौड़ के मसेयाल गांव में हादसे के बाद ग्रामीणों का बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यौड़ियां। खौड़ पुलिस थाने के अधीन की पंचायत अपर नरायाणा के गांव मसेयाल में मंगलवार सुबह खेत में मवेशियों के लिए चारा लेने के लिए गये किसान की बिजली के टूटे पड़े तार की चपेट में आकर करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है।
जानकारी के मुताबिक
मसेयाल निवासी
किसान विजय कुमार मंगलवार को खेत पर मवेशियों के लिए चारा लेने जा रहा था। इसी बीच बिजली की टूटी तार पर उसका पांव पड़ गया। तार की चपेट में आने से विजय की तड़पकर मौत हो गई। वह अकेला ही खेत में गया था परिजनों को लगभग तीन घंटे बाद पता चला। जब परिजन तथा आसपास के लोग खेत में पहुंचे तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों ने बताया कि पिछले चार सालों से यह तारें ऐसे ही लटक रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि खेतों के ऊपर से गुजर रहे जर्जर तार और विभाग की उदासीनता के बारे में कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन अधिकारियों ने कोई सुध नहीं ली। लोगों का कहना है कि यह हादसा नहीं बल्कि बिजली विभाग की आपराधिक लापरवाही है, जिसके कारण एक हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया।
बताया जा रहा है की मृतक विजय कुमार अपने ससुराल गांव मसेयाल में रहता था। ऐसे उसका गांव करतेयाल सिंबल (खडाह) है पिछले दिनों उसके ससुर की मौत हो गई थी जिसके चलते उसको ससुराल में रहना पड़ रहा था। लोगों ने बताया कि अब परिवार में कोई भी कमाने वाला नहीं रहा। हादसे की जानकारी मिलते ही खौड़ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह भाऊ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खौड़ सीएचसी भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं एसडीएम सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों/अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी। साथ ही, पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।