बिलावर। उपमंडल में गत दो दिनों से बदले मौसम के मिजाज ने किसानों की चिंता को बढ़ा दिया है। किसानों के अनुसार इन दिनों धान की फसल को पकने के लिए तेज धूप की जरूरत है, लेकिन अब और अधिक समय लगेगा।
रविवार और सोमवार रात को हुई बारिश के बाद स्थिति बिगड़ने लगी है। अब धान की फसल को पकने में 15 दिन लगेंगे। फसल केवल भगवान भरोसे है। किसान रोशन लाल, विद्यासागर, मक्खन सिंह, शमशुद्दीन आदि ने बताया कि गत साल 23 अक्तूबर को इलाके में हुई ओलावृष्टि से किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया था। उपमंडल के जिन इलाकों में सिंचाई की व्यवस्था है वहां पर धान की फसल तैयार हो गई है, लेकिन मौसम के मिजाज को देखते हुए किसानों ने अभी कटाई शुरू नहीं की है। बिना सिंचाई वाले इलाकों में धान की फसल 15 दिन बाद लगाई गई थी, जिस कारण वहां पर फसल अभी हरी है और तैयार होने में 15 दिन से अधिक समय लगेगा।