फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jammu News: स्मार्ट सिटी के दावों के बीच सुविधाएं हुईं बेपटरी, टूटे फुटपाथ, खुले मैनहोल और लटकते तार दे रहे हादसे को न्योता

विज्ञापन
विज्ञापन
जम्मू। शहर को स्मार्ट सिटी बनाने के बड़े दावों के बीच जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। सतवारी से बिक्रम चौक, पनामा चौक, सचिवालय चौक से लेकर परेड चौक जैसे अति व्यस्त और प्रमुख मार्गों पर बदहाल जनसुविधाएं अब लोगों के लिए जी का जंजाल बन चुकी हैं। संबंधित अधिकारी गंभीर स्थिति से बेखबर हैं जिससे लोगों में रोष है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बुनियादी कमियों को दूर नहीं किया गया तो यह लापरवाही हादसे का सबब बन सकती है।
विज्ञापन


सतवारी से बिक्रम चौक : सड़क के दोनों किनारों पर नालों के ऊपर बनाए गए फुटपाथ कई जगहों से टूट और धंस चुके हैं। कुछ स्थानों पर लगी स्लैब इस कदर पीछे हो गई है कि नीचे गिरने का डर है। विकास ने बताया कि रात के वक्त या बारिश में यहां से गुजरना खतरे से कम नहीं है।


यूनिवर्सिटी रोड, कैनाल रोड व डोगरा चौक : प्रमुख सड़कों पर सीवरेज के मैनहोल या तो खुले हैं या फिर सड़क की सतह से ऊपर-नीचे हैं। वाहन चालक राजकुमार और मदन शर्मा ने बताया कि अंधेरे में मैनहोल दिखाई नहीं देते जिससे रोजाना एक-दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो रही हैं। शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
विज्ञापन


डीजीपी मुख्यालय व एमएम कॉलेज मार्ग : सचिवालय चौक और जुलाका मोहल्ला, पंजतीर्थी रोड पर बने स्पीड ब्रेकर टूटे चुके हैं। राहगीर संजय के अनुसार नुकीली सतह दोपहिया वाहनों के लिए खतरनाक है। सचिवालय चौक के पास साइकिल लेकर जा रहे बच्चे ने कहा, ब्रेकर खराब होने से यहां साइकिल से उतरना पड़ता है, वरना टायर पंचर हो जाएगा।


रास्ता रोक रहे खंभे : सर्कुलर रोड, नरवाल मंडी रोड और त्रिकुटा नगर सहित कई इलाकों में सड़क किनारे बिजली के पोल यातायात और पैदल यात्रियों के रास्ते में रोड़ा बने हुए हैं। कई पोल तो फुटपाथ के ठीक बीचो-बीच खड़े हैं या फिर सड़क की तरफ झुके हैं जिससे राहगीर सड़क पर चलने को मजबूर हैं।

लटकते तार : तांगे वाली गली, खिलौना गली और वजीर गली में टूटी टाइलें और सिर के ऊपर लटकते बिजली के तार करंट का खतरा बढ़ा रहे हैं। पंजतीर्थी की वजीर गली के रहने वाले सोभा राम ने कहा कि विभाग को बार-बार सूचित करने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।

मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए सड़कों पर जर्जर हो चुके नालों के स्लैब को बदलने और खुले मैनहोल को कवर करने का काम चल रहा है। जल्द ही सभी क्षतिग्रस्त ढांचों की जांच कराकर मरम्मत कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
विज्ञापन

- अश्वनी खजूरिया, अधिशासी अभियंता, नगर निगम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें