आरएस पुरा/मीरां साहिब। उपजिले के कस्बों में रात नौ बजे तक दुकानें खोलने के आदेश पर दुकानदारों को राहत मिली है। अब बाजार में पहले से अधिक चहल-पहल देखी जा रही है। विशेषकर शाम के समय खाने-पीने की रेहड़ियों पर लोग जुट रहे हैं। हालांकि प्रशासन ने रात नौ बजे तक बाजार खुला रखने की अनुमति दे दी है, लेकिन लोग सामाजिक दूरी का ध्यान नहीं रख रहे, जो चिंता का विषय है। इससे संक्रमण बढ़ने का खतरा बना हुआ है। एसडीएम आरएस पुरा रामलाल शर्मा ने कहा कि बाजारों में खरीदारी करने के लिए पहुंचने वाले लोगों को चाहिए कि वे मास्क का प्रयोग करने के साथ सामाजिक दूरी का ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि बिना मास्क पहने बाजार में पहुंचने वाले लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।