जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में एक स्कूल में विस्फोट हुआ है। इस धमाके में कई छात्रों के घायल होने की खबर है। धमाके के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि एक प्राइवेट स्कूल के एक हिस्से में धमाका हुआ। इस धमाके में 10वीं क्लास के स्टूडेंट घायल हुए हैं। फलाही-ई-मिलात प्राइवेट स्कूल पुलवामा के काकपोरा में मौजूद है। आपको बता दें कि जम्मू-कश्मीर में बीते दो-तीन दिनों में कई मुठभेड़ की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे में घाटी में सुरक्षाबल सतर्कता बरत रहे हैं।
स्थानीय पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि दोपहर ढाई बजे प्राइवेट स्कूल के क्लास रूम में धमाका हुआ। अभी तक 12 बच्चे घायल हुए हैं, सभी की हालत ठीक है। पुलिस के मुताबिक, मामले में केस दर्ज कर लिया गया है।
धमाके के वक्त स्कूल में मौजूद टीचर जावेद अहमद ने बताया कि जिस दौरान वह स्कूल में पढ़ा रहे थे, तभी एक धमाका हुआ। उन्होंने कहा कि अभी वह नहीं कह सकते हैं कि कितने स्टूडेंट्स को चोट पहुंची है।
बुधवार तड़के बडगाम इलाके में सेना को आतंकियों के छिपे होने की सूचना के बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान दो आतंकियों मार गिराए गए।
वहीं सुरक्षाबलों ने मंगलवार को पुलवामा में सर्च ऑपरेशन चलाया था जिसमें हिजबुल का एक आतंकी मारा गया था। वहीं दो आतंकी मौके से फरार हो गए थे। इस मुठभेड़ में सेना का एक जवान भी शहीद हो गया था।