जम्मू/बनतालाब। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी का असर अब जम्मू संभाग में साफ दिखाई देने लगा है। सोमवार सुबह से लागू हुई नई दरों के तहत पेट्रोल में करीब 2.60 रुपये और डीजल में 2.70 रुपये प्रति लीटर तक वृद्धि हुई है। इससे वाहन चालकों, व्यापारियों और आम लोगों की चिंता बढ़ गई है क्योंकि बढ़ी कीमत का असर बजट और माल ढुलाई पर पड़ने की संभावना है।
दूसरी ओर नगरोटा पंजग्राई सेरी के सुरेश शर्मा आधुनिक युग में भी प्राकृतिक संसाधनों का इस्तेमाल कर मिसाल पेश कर रहे हैं। वे पेट्रोल-डीजल की निर्भरता से दूर अपनी घोड़ा गाड़ी पर सब्जियां बेचकर गुजर-बसर करते हैं। रोजाना सुबह थोक बाजार से सब्जी खरीदते हैं और नगरोटा के विभिन्न इलाकों में जाकर बेचते हैं। वे बताते हैं- कई साल से वे इसी तरह व्यापार कर रहे हैं जिससे उन पर पेट्रोल-डीजल का बोझ नहीं पड़ता। हालांकि वे मानते हैं कि ईंधन महंगा होने से चौतरफा महंगाई बढ़ती है जिसका असर हर वर्ग को झेलना पड़ता है। मुश्किल समय में लोगों को फिजूलखर्ची रोककर सरकार का सहयोग करना चाहिए। जितना हो सके पेट्रोल-डीजल की बचत करें और प्राकृतिक संसाधनों को अपनाएं।
दफ्तर आने-जाने का खर्च बढ़ा
गांधी नगर निवासी अमित शर्मा का कहना है कि महंगाई के बीच ईंधन महंगा होने से दफ्तर आने-जाने का खर्च बढ़ जाएगा। सतवारी के टैक्सी चालक मोहम्मद इरफान ने चिंता जताई कि संचालन खर्च बढ़ने के बावजूद किराया नहीं बढ़ा सकते क्योंकि यात्री कम होने का डर रहता है। रेजिडेंसी रोड के दुकानदार राजेश गुप्ता ने बताया कि माल ढुलाई महंगी होने से सामान की कीमतें बढ़ना तय है। शहरवासियों ने सरकार से कीमत को नियंत्रित कर राहत देने की मांग की है।