फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोविड अस्पतालों में ऑक्सीजन का संकट बरकरार, प्रेशर में दिक्कत, मरीजों में दहशत

विज्ञापन
विज्ञापन
जम्मू। कोविड अस्पतालों में पर्याप्त ऑक्सीजन का संकट बरकरार है। जीएमसी में संक्रमित मरीजों के अचानक बढ़े लोड से पीड़ितों को ऑक्सीजन की सप्लाई दी जा रही है, लेकिन सप्लाई प्रेशर पर सवाल उठ रहे हैं। ऑक्सीजन की कमी को लेकर मरीजों के साथ तीमारदारों में दहशत बनी हुई है। जिले में ही बड़ी संख्या में ऐसे संक्रमित मामले सामने आ रहे हैं जो अस्पतालों में न जाकर घरों पर ही इलाज लेने को तवज्जो दे रहे हैं। जीएमसी में ऑक्सीजन का संकट बहाल होने में अभी समय लग सकता है। अस्पताल में कोविड संक्रमित मरीजों का पहुंचना जारी है।
विज्ञापन

कोविड संकट के चलते गत मार्च माह से जीएमसी सहित अन्य एसोसिएटेड अस्पतालों में रूटीन आपरेशन बंद पड़े हैं। सिर्फ इमरजेंसी आपरेशन ही किए जा रहे हैं, लेकिन ऑक्सीजन की कई गुणा खपत बढ़ जाने से अस्पताल प्रशासन के लिए आइसोलेशन वार्डों सहित अन्य कोविड व गैर कोविड सेक्शनों में ऑक्सीजन की पर्याप्त सप्लाई देना चुनौती बना हुआ है। अस्पताल में रोजाना 400-500 डी टाइप के ऑक्सीजन सिलेंडर की खपत होने के साथ ऑक्सीजन प्लांट से भी सप्लाई दी जा रही है, लेकिन ऑक्सीजन प्रेशर को लेकर कई जगह दिक्कतें आ रही हैं। गत दिनों आपरेशन थियेटर भी इससे प्रभावित हुए। जीएमसी में 33 आइसोलेशन बेडों की क्षमता बढ़ाकर 200 तक की गई है, जिसमें 150 बिस्तरों पर ऑक्सीजन की सप्लाई दी जा रही है। 100 से अधिक बिस्तरों पर चौबीस घंटे कोविड और गैर कोविड मरीजों को ऑक्सीजन की जरूरत पड़ रही है।
छह माह बाद आई अस्पताल प्रशासन को याद
जम्मू। इस पर भी सवाल उठ रहे हैं कि कोविड अस्पतालों में जो ऑक्सीजन संकट बना हुआ है उसे सुचारू करने की याद छह माह बाद अस्पताल प्रशासन और जिला प्रशासन को आई। सूत्रों के अनुसार वैश्विक स्तर पर कोविड संक्रमण का प्रसार होने पर गत जनवरी-फरवरी में केंद्र की ओर से सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को गाइड लाइन जारी करके कोविड अस्पतालों में पर्याप्त ऑक्सीजन की व्यवस्था करने को कहा गया था। लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया गया और अब जब कोविड पीक पर जा रहा है तो ऑक्सीजन की कमी से मरीजों पर आफत बन आई है। कोविड मरीजों के लिए ऑक्सीजन अहम भूमिका निभाती है। इसमें छाती में इंफेक्शन से सांस लेने में दिक्कत होने पर मरीज को स्वस्थ होने तक ऑक्सीजन पर रखा जाता है।
विज्ञापन

-------------
21 को ऑक्सीजन टैंक के लिए खुलेगा टेंडर : प्रिंसिपल
जम्मू। जीएमसी में तरल ऑक्सीजन टैंक स्थापित करने के लिए 21 सितंबर को टेंडर खोले जा रहे हैं। जीएमसी के प्रिंसिपल डॉ. नसीब चंद डिगरा ने बताया कि जल्द से जल्द अस्पताल में ऑक्सीजन टैंक स्थापित करने के लिए उचित प्रयास किए जा रहे हैं, आगामी कुछ दिनों में टेंडर औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी। अस्पताल में कोविड मरीजों की संख्या बढ़ी है। अस्पताल प्रशासन की ओर से सभी को आक्सीजन की सप्लाई देने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। आक्सीजन टैंक स्थापित होने के बाद मरीजों को काफी राहत मिलेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें