जम्मू के उपमंडल की मलाड पंचायत के वार्ड 6 लोअर प्लेई के करीब 30 घर पिछले 6 वर्षों से पेयजल आपूर्ति से वंचित हैं। लोगों ने बताया कि चेऊ वाटर सप्लाई स्कीम के तहत 200 के करीब आबादी वाले इस मोहल्ले में कई वर्ष पहले देहरी कला के लिए सड़क का निर्माण किया गया था और पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी जिसे आज तक ठीक नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि रास्ते में ही लीकेज के कारण पानी व्यर्थ बह जाता है और मोहल्ले वासियों को पानी की बूंद-बूंद के लिए तरसना पड़ रहा है और कई किलोमीटर पैदल चलकर पानी लाना पड़ता है। लोगों ने जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त पाइप लाइन ठीक करने की मांग की है। स्थानीय निवासी सुरजीत सिंह ने कहा कि कई बार इस विषय में अधिकारियों को अवगत करवा चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं की जा रही।
संजीत सिंह ने कहा कि 6 महीने पूर्व जिला उपायुक्त कठुआ ने इलाके का दौरा किया था उस समय लोगों ने उन्हें समस्या से अवगत करवाया था लेकिन समाधान नहीं हो पाया है। काका सिंह ने कहा कि कई बार जनप्रतिनिधियों के आगे भी गुहार लगाई है लेकिन कोई भी सुनने को तैयार नहीं है। नरेश ने कहा कि पानी के लिए 1 किलोमीटर तक पैदल सफर करना पड़ता है।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर : लगातार पांचवीं बार पीडीपी की अध्यक्ष बनी महबूबा मुफ्ती
प्रोजेक्ट बनाकर भेज दिया है : एईई
इस बारे में जब जल शक्ति विभाग बिलावर के एईई अनिल जंजुआ से बात की तो उन्होंने बताया कि नई पाइप लाइन लगाने के लिए जल जीवन मिशन के तहत प्रोजेक्ट बनाकर भेज दिया गया है। राशि स्वीकृत होते ही नई पाइप लाइन को बिछा दिया जाएगा।