जम्मू विश्वविद्यालय की 106वीं सिंडीकेट बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर लगाई गई। कुलपति प्रो. आरडी शर्मा की अध्यक्षता में वीरवार को हुई बैठक में रजिस्ट्रार प्रो. मनोज कुमार धर ने 85 मामलों को सामने रखा। इसमें कमेटी की सिफारिशों पर विश्वविद्यालय/कैंपस/निजी मान्यता प्राप्त कालेजों में अकादमिक प्रोग्रामों में दाखिले के लिए जेयूईटी (एंट्रेंस टेस्ट) करवाने को मंजूरी दी गई।
इसके अलावा प्रस्ताव नंबर 16 में इंडियन नर्सिंग काउंसिल एक्ट को शामिल किया गया। बैठक में 2014-15 सेशन में मौजूदा एमबीबीएस इंटर्नशिप ट्रेनिंग में मेडिकल काउंसिल आफ इंडिया के नियमों के तहत संशोधन को मंजूरी दी गई। लाइफ लांग लर्निंग विभाग और निदेशालय डिस्टेंस एजूकेशन के शिक्षकों के एमफिल/पीएचडी स्कालरों के लिए ग्रांट को भी शामिल किया जाएगा।
सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण, डिसएबिलिटी अफेयर्स, मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशों पर योग्य उम्मीदवारों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। यूनिवर्सिटी सिंडीकेट ने गैर सरकारी कालेजों को अस्थायी मान्यता देने पर भी मुहर लगाई। कुलपति प्रो. शर्मा ने कहा कि अकादमिक और अन्य गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सभी जरूरी प्रस्तावों पर अमल किया जा रहा है।
इसमें शिक्षकों के साथ विद्यार्थियों को अधिक से अधिक लाभ देने पर काम किया जाएगा। विश्वविद्यालय की ओर से इंडियन काउंसिल एक्ट को अपनाने पर नर्सिंग कोर्सों को बढ़ावा मिल सकेगा। उल्लेखनीय है कि कई नर्सिंग कोर्सों के लिए स्थानीय विद्यार्थियों को दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ रहा है। बैठक में आयुक्त सचिव उच्च शिक्षा सरिता चौहान, प्रो. जीएम भट्ट, प्रो. नसीन अहमद शाह, प्रो. मुबारक सिंह आदि मौजूद रहे।