अखनूर। गांव सौहाल बडगल के ग्रामीणों ने क्षेत्र में सरकारी भूमि और मकूज खड्ड पर अतिक्रमण के खिलाफ राजस्व विभाग में प्रदर्शन कर नारेबाजी की। वीरवार को राजस्व विभाग में बड़ी संख्या में ग्रामीण जिसमें महिलाएं भी शामिल रहीं एकत्रित हुईं। उन्होंने पंचायत में सरकारी भूमि, मकूज खड्ड और घास चराई भूमि पर लोगों के अतिक्रमण करने पर राजस्व विभाग के खिलाफ नारेबाजी करके प्रदर्शन किया। मांग की कि अतिक्रमण हटाया जाए। उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। लोगों ने बताया कि खसरा नंबर-99 की भूमि 58 कनाल 6 मरले है। जो घास चराई और खड्ड है। राजस्व विभाग के गिरदावरों और पटवारियों की मिलीभगत से कुछ ऊंची पहुंच रखने वाले लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है। राजस्व विभाग भी निष्पक्ष जांच शुरू नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि अगर शीघ्र ही कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीणों को सड़क पर उतरना पडे़गा। संवाद