कठुआ शहर के फुटपाथ पर अवैध रूप से लगी फड़ी का सामान जब्त करती नगर परिषद की टीम।
कठुआ। आगामी ईद पर आम लोगों को बाजार में उचित कीमत पर बेहतर सामग्री की उपलब्धता को सुनिश्चित बनाने के लिए प्रशासनिक टीम ने मंगलवार को बाजार का दौरा कर कई जगह छापे मारे।
डीसी डॉ. राकेश मिन्हास के निर्देश पर गठित टीमों ने शहर के शहीदी चौक और पारलीवंड इलाके में सड़क और फुटपाथ से अतिक्रमण हटाया जबकि जन वितरण विभाग ने खाद्य पदार्थ बेचने वाली दुकानों पर विशेष निरीक्षण किया। एडीसी विश्वजीत सिंह के नेतृत्व में निकली टीम में शामिल एडी फूड मोहम्मद सगीर, डीएसपी हेडक्वार्टर और नगर परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित शर्मा ने दोनों इलाकों में खाने-पीने के सामान बेचने वाले दुकानों पर सफाई और वहां प्रदर्शित रेट लिस्ट की विशेष जांच की।
इस दौरान कई दुकानों पर घरेलू गैस सिलिंडर का उपयोग मिलने पर टीम ने उन दुकानदारों को व्यावसायिक सिलिंडर का इस्तेमाल करने की नसीहत दी।
जांच के दौरान अधिकारियों ने सभी दुकानदारों को खाने-पीने के समान बेचने में सफाई का विशेष ध्यान रखने और रेट लिस्ट लगाने के निर्देश दिए। उधर, नगर परिषद की टीम ने इस दौरान फुटपाथ पर अतिक्रमण कर रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों का सामान जब्त किया। इससे अतिक्रमणकारियों में खलबली मची रही। नगर परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने दुकानदारों को स्पष्ट आदेश दिया कि नगर परिषद पहले भी इस बारे में दुकानदारों को आगाह कर चुका है।