- मारे गए दहशतगर्द की शिनाख्त नहीं, इलाके में अभियान जारी
-लोलाब इलाके के त्रिमुखा टॉप में मंगलवार शाम शुरू हुई थी मुठभेड़
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के लोलाब में मंगलवार रात शुरू हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने बुधवार सुबह एक आतंकी को मार गिराया। अभियान में एक सैन्य जवान (नॉन-कमीशंड अफसर) बलिदान हो गया। इलाके में कुछ और आतंकियों की मौजूदगी की आशंका के चलते सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर रखा है, ऑपरेशन जारी है। मारे गए दहशतगर्द की शिनाख्त अभी नहीं हुई है। बलिदानी जवान के बारे में जानकारी का इंतजार है।
एक अधिकारी ने बताया, मंगलवार शाम लोलाब के त्रिमुखा टॉप क्षेत्र में सुरक्षा बलों को आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके आधार पर सेना और पुलिस के जवानों नें इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया। घेरा सख्त होता देख आतंकियों ने जवानों पर फायरिंग कर दी और मौके से भागने की कोशिश की। जवानों ने जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। रात भर सुरक्षा बलों ने इलाके को सख्ती के साथ घेरे रखा, ताकि अंधेरे का फायदा उठाकर दहशतगर्द भाग न सकें।
अधिकारी ने बताया कि बुधवार की सुबह एक बार फिर से आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच गोलीबारी हुई। इसमें एक आतंकी मार गिराया गया। गोलीबारी में एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया, उनका बाद में निधन हो गया।
चिनार कोर ने अर्पित की श्रद्धांजलि
घाटी में सेना की कमान संभालने वाली चिनार कोर ने एक्स पर लिखा, चिनार कोर के सभी रैंक बहादुर जवान (गनर) दिलवर खान के सर्वोच्च बलिदान को सलाम करते हैं, जिन्होंने अपना कर्तव्य निभाते हुए जीवन बलिदान कर दिया।
पुंछ में एक दिन पहले लांस नायक सुभाष च्ंद्र हुए थे बलिदान
मंगलवार को पुंछ जिले के मेंढर में सुरक्षाबलों ने घुसपैठ की साजिश को नाकाम कर दिया था। इसमें सेना के लांस नायक सुभाष चंद्र बलिदान हो गए थे। वह उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के रहने वाले थे।