जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में वीरवार को साल के पहले मुठभेड़ में हिजबुल मुजाहिदीन के तीन आतंकी मार गिराए गए। दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में हुई मुठभेड़ में एक जवान शहीद हो गया, जबकि दो घायल हैं। मुठभेड़ के बाद भड़की हिंसा में दर्जनभर से अधिक पत्थरबाज घायल हो गए। पूरे इलाके में तनाव की स्थिति है।
वीरवार को आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर त्राल इलाके के गुलशनपोरा में सुरक्षा बलों ने सर्च आपरेशन चलाया। घेरा सख्त होता देख छिपे आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीन आतंकी मार गिराए गए। इनकी शिनाख्त जुबैर अहमद भट उर्फ हमजा (चुरसू अवंतीपोरा), शकूर अहमद उर्फ जफर (लारिबल-त्राल) व तौसीफ अहमद ठोकर उर्फ ताल्हा (चुरसू अवंतीपोरा) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में 42 राष्ट्रीय राइफल्स के सिपाही नेहमिलान हाओकिप गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए पहले 92 बेस अस्पताल श्रीनगर ले जाया गया, लेकिन बाद में उधमपुर के उत्तरी कमान सेना अस्पताल में पहुंचाया गया। यहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
मुठभेड़ शुरू होते ही युवा सड़कों पर उतर आए। उन्होंने सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर पथराव शुरू कर दिया। स्थिति को काबू में करने के लिए सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले दागे। इसके बाद भी स्थिति नहीं संभली तो पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया। हिंसक झड़पों में दर्जनभर से अधिक पत्थरबाज घायल हो गए हैं। इनमें से कुछ की गंभीर स्थिति है।
सुरक्षा बलों पर हमले में शामिल थे तीनों आतंकी
पुलिस के अनुसार तीनों आतंकी सुरक्षा बलों पर हमले तथा नागरिक प्रताड़ना के कई मामलों में शामिल रहे थे। मुठभेड़ स्थल से हथियार व गोला बारूद बरामद किए गए हैं।